व्यापारी को जेल भेजने पर हंगामा, नारेबाजी
सुल्तानपुर घोष एसओ के निलंबन की हुई मांग
सीओ व एसडीएम ने दिया जांच का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। ऐरायां मशायख के एक व्यापारी को चरस व तमंचा में बंद करने पर गुस्साए परिजनों व उनके समर्थकों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। थाने के सामने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग भी उठाई।
गांव के व्यापारी परवेज आलम को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उग्र भीड़ को देख पुलिस अफसरों के हाथ-पांव फूलने लगे। खागा सीओ सुरेंद्र कुमार व एसडीएम अमित कुमार भट्ट को इसकी भनक लगी तो आनन-फानन में वे भी आ पहुंचे।
व्यापारी की बहनों सबाना बानो, जरीम फातिमा ने पूरे मामले को विस्तार से बताया। कहा कि गुरुवार की शाम परवेज आलम अपने भट्ठे पर मजदूरों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि थाना इंचार्ज मय फोर्स के साथ भट्ठे पर पहुंचे। बिना कुछ बताये जबरन परवेज आलम को अपनी गाड़ी पर बैठाकर थाने ले गए।
कुछ देर बाद उनकी निजी गाड़ी एक्सयूवी को भी उठवा लिया। उसके बाद थाना इंचार्ज ने उन पर चौकी चौराहे पर चेकिंग अभियान का बहाना बनाकर 428 ग्राम चरस व 315 बोर का कट्टा व दो जिंदा कारतूस लगाकर जेल भेज दिया।
पीड़ितों की पूरी बात सुनने के बाद सीओ खागा सुरेंद्र कुमार व एसडीएम अमित कुमार भट्ट ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस मामले की जांच कराएंगे। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।