फतेहपुर। ठिठुराती सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को अधिकतम, न्यूनतम पारा में मामूली बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने अधिकतम पारा 23 डिग्री व न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया। शुष्क मौसम की वजह से ठंड का असर बढ़ा रहा। बच्चों को स्कूल जाने में ठिठुरना पड़ रहा है।
कोतवाली क्षेत्र में ठंड से तीन लोगों की मौत हुई है। नई तहसील मुहल्ला निवासी धीरेंद्र कुमार(30) ने सोमवार की शाम को अपने छोटे भाई आशीष उर्फ गोलू के साथ खाना खाया है। फिर दोनों भाई अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह देर तक बिस्तर में लेटे रहने पर उसकी मां जगाने गई तो धीरेंद्र की मृत्यु हो चुकी थी। धीरेंद्र कुमार कृषि विभाग में चालक था। चार साल से नौकरी पर नहीं जा रहा था।
इसी क्रम में रायबरेली जिला के सरेनी थाना क्षेत्र के रमईखुर्द निवासी उमर बहादुर (45) को ठंड लगने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह मृत्यु हो गई। मसवानी मुहल्ला निवासी वृद्ध मोहम्मद हयात (70) को सोमवार की शाम को ठंड लग गई। परिजनों ने पहले आग जलाकर गर्माहट देने की कोशिश की। राहत न मिलने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रात में मोहम्मद हयात की मौत हो गई।