फतेहपुर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो भाइयों ने पीड़ित युवती से दस लाख रुपये ठग लिए। रुपये मांगने का दबाव बनाने पर उसकी पिटाई की गई। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की पीड़ित युवती की ओर से मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। युवती का आरोप है कि हथगाम के रहने वाले भाइयों ने नौकरी दिलाने का पांच साल पहले झांसा दिया था। इसके एवज में घरवालों से दस लाख रुपये नौकरी के नाम पर ले लिए। तीन साल तक टरकाए रहे। उसके बाद खागा में जमीन देने की बात कही। दूसरे की जमीन दिखाई, फर्जी दस्तावेज प्रापर्टी के दिए। इसका पता लगने पर उन लोगों ने रुपयों की वापसी का दबाव बनाया। आरोप है कि इस पर एक आरोपी जफील अहमद ने फोन कर रुपये देने के लिए शांतीनगर बुलाया। वहां पहुंचने पर उसके साथ मारपीट की और नाली में गिरा दिया। जान से मारने की धमकी दी और रुपये वापस नहीं करने की बात कही। फोन पर भी अक्सर गालीगलौज कर धमकी देता है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा था। बाद में आरोपी को छोड़ दिया। कार्यवाहक कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।