किशनपुर। जालंधरपुर गांव में रविवार को लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब 100 घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। इससे लगभग 400 लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया।
पहाड़पुर फीडर के इस गांव में भोला निषाद के घर के पास रखे ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों के घरों में पंखे, लाइट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हैं। स्कूली बच्चों को पढ़ाई में परेशानी हो रही है। पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है और गर्मी में पंखे न चलने के कारण कई लोग छत पर रात गुजारने को मजबूर हैं।
गांव के उमाशंकर, मंजू देवी, रीतू देवी, शंकर निषाद, इंद्रपाल निषाद और उमेश ने बताया कि शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण बार-बार फुंक जाता है।
उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने और इसकी क्षमता बढ़ाने की मांग की। अवर अभियंता नुसरत अली ने कहा कि ट्रांसफार्मर जल्द बदलने का प्रयास किया जा रहा है।