परिवार के साथ नैनीताल घूमकर घर लौट रहे मेरठ के फैशन डिजायनर अजय मेहरा की बुधवार को हादसे में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बेटा, बेटी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
भगतपुर के डूंगरपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी होंडा सिटी कार में टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों ने सभी को अस्पताल भेजा।
मेरठ में हरिद्वार रोड पर पल्लव पुरम में रहने वाले अजय मेहरा का आबूलेन मार्केट में बुटीक है।
नैनीताल से घूमकर लौट रहे थे अजय
दो दिन पहले सोमवार की सुबह वह पत्नी सुनीता, बेटे प्रतीक, बेटी जुनीशा और ड्राइवर के साथ नैनीताल घूमने के लिए मेरठ से चले थे। शाम को वह मुरादाबाद में कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में अपने बहनोई अनिल सेठी के घर पहुंचे। रात मुरादाबाद में ही स्टे किया और मंगलवार सुबह नैनीताल निकल गए।
बुधवार दोपहर दो बजे उन्होंने बहनोई को फोन करके लौटने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह रास्ते में हैं। करीब तीन बजे बहनोई के मोबाइल पर पुलिस का फोन आया। पुलिस ने भगतपुर में ट्रक से कार की टक्कर होने और घायलों को अस्पताल ले जाने की जानकारी दी।
चूंकि अनिल बाहर थे लिहाजा उन्होंने जिला अस्पताल में अपने डाक्टर मित्र को भेजा। पुलिस अजय और उनकी बेटी जुनीशा को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां अजय को मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार में मचा कोहराम
उधर, 108 एंबुलेंस से पत्नी, बेटे और ड्राइवर संजय को टांडा के बाद रामपुर अस्पताल भेजा गया। देर शाम परिवार वाले तीनों को लेकर कासमास अस्पताल पहुंचे। बेटी को भी कासमास में भर्ती कराया गया। उधर, हादसे की सूचना पर मेरठ उनके परिवार में कोहराम मच गया। मेरठ से लोग तुरंत मुरादाबाद के लिए चल पड़े।
रोते हुए अजय मेहरा के बहनोई अनिल सेठी ने बताया कि जाते समय अजय और सुनीता ने उनके परिवार से भी नैनीताल चलने के लिए कहा था। लेकिन कामकाज ज्यादा होने की वजह से उन्होंने मना कर दिया। अनिल सेठी का मालवीय नगर में इनवर्टर और बैटरी का कारोबार है।
जिला अस्पताल में अजय मेहरा और उनकी बेटी के पहुंचने के बाद इलाज में लापरवाही पर लोगों का गुस्सा भी भड़का। स्टाफ पट्टी बांधने में लगा था, डाक्टर ने देखना तक जरूरी नहीं समझा। यही नहीं, शव मोर्चरी में रखे जाने के बाद जब बेटी को डिस्चार्ज कराना था, तब डाक्टर नदारद हो गए। इस पर उनके परिवार के लोगों ने भी आक्रोश जताया।