फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ठंडी सड़क में लगे रोजगार मेले में युवाओं ने नौकरी में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
इसके चलते 67 पद रिक्त रह गए। सिर्फ 55 युवक-युवतियों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें 48 का चयन रोजगार के लिए किया गया। शनिवार को आईटीआई में लगे रोजगार मेले में 115 पदों पर भर्ती होनी थी। मेले में पांच प्रतिष्ठित कंपनियां आई थीं। 11.30 बजे तक सिर्फ आठ-दस युवक ही मेले में पहुंचे। सायं पांच बजे तक 55 युवक-युवतियों ने रोजगार मेले में पंजीकरण कराया। इन लोगों के गहनता से शैक्षिक अभिलेखों समेत अन्य अभिलेख जांचे गए।
साक्षात्कार के दौरान सात युवा बाहर हो गए। रोजगार के लिए 48 युवाओं का चयन किया गया। प्रधानाचार्य व नोडल प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि 115 रिक्तियों के सापेक्ष 55 युवा आए थे। इनमें 48 का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले के लिए प्रचार-प्रसार कराया जाता है।
जिले से बाहर नौकरी मिलने के चलते युवा जाना नहीं चाहते, जबकि उन्हें यह नहीं पता कि बाहर जाने से ही उनका भविष्य बनेगा। कहा कि रोजगार मेले में हिस्सा जरूर लेना चाहिए। इस अवसर पर प्लेसमेंट प्रभारी सुनील कुमार, रंजीत कुमार सुमन और विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।