कायमगंज। एक सप्ताह पूर्व गांव रायपुर निवासी युवक की गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही युवक को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। उसके पास से लूटे गए 1200 रुपये, बैंक पास बुक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने समझा कि युवक के पास बीस हजार रुपये हैं। इसके चलते ही उसने हत्या कर दी थी।
गांव रायपुर निवासी श्रीकृष्ण (20) का शव 10 जनवरी की सुबह गांव के पास रागिब शाह के सरसों के खेत में पड़ा मिला था। उसकी गला घोटकर हत्या की गई थी। बड़े भाई रामशरन शाक्य ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। श्रीकृष्ण ने एक दिन पहले ही बैंक खाते से दो हजार रुपये निकाले थे। शुक्रवार को कोतवाली में सीओ अवनीश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना स्थल पर करौंदे के बाग में कुछ राख व खाली शराब की बोतलें मिली थीं। वहां कुछ लोगों ने मीट बनाकर शराब पी थी। इसी आधार पर इस पार्टी में शामिल युवकों को इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय व एसआई प्रशांत कुमार ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने हत्यारोपी गांव के मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि नौ जनवरी की शाम शराब पार्टी में वह शामिल था। वहां शराब पीकर जब वह घर जा रहा था, तभी वहां मेड़ पर श्रीकृष्ण नशे की हालत में खड़ा गाना गा रहा था। तब उसे याद आया कि श्रीकृष्ण बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर लाया है। इसके बाद वह गांव की ओर चला गया। कुछ अंधेरा हुआ तो वह साइकिल से दोबारा वहां पहुंच गया और उसे दबोचकर सरसों के खेत की ओर ले गया। वहां खेत में श्रीकृष्ण को उठाकर जमीन से पटक दिया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। इसके बाद उसी के मफलर से उसका गला घोट दिया। इसके बाद उसकी जेब की तलाशी ली तो उसमें 1200 रुपये व बैंक की पासबुक ही निकली। उसका मफलर वहीं पास में ही फेंककर घर चला आया। पुलिस ने आरोपी से मफलर, रुपये व पासबुक बरामद कर घटना का खुलासा किया है।