.घटनास्थल पर कार्रवाई करती पुलिस
- फोटो : amarujala
फतेहगढ़ कोतवाली के जय नरायन वर्मा रोड पर स्थित खेत में खड़ी झाड़ियों में बुधवार को एक युवक का सड़ा गला शव मिला। उसका पंचनामा भरने को लेकर दो चौकियों के प्रभारियों के बीच सीमा विवाद होने लगा। एसओ के कहने पर कर्नलगंज चौकी प्रभारी ने शव का पंचनामा भरवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की तीन दिन पूर्व सिर में गोली मार कर हत्या होने की पुष्टि हुई है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
जय नरायन वर्मा रोड से रखा जाने वाले मार्ग पर शिवपुरम कालोनी को प्लाटिंग हो रही है। इसी के पास से खेतों की ओर रास्ता गया है। मुख्य मार्ग से करीब 500 मीटर दूर एक कोठरी बनी है। वहीं कुछ दूरी पर खेत में पेड़ के पास झाड़ियों में बुधवार दोपहर दुर्गंध आ रही थी। वहां के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कर्नलगंज चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव देखकर उन्होंने सेंट्रल जेल चौकी क्षेत्र में शव होने की जानकारी दी।
सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर शव कर्नलगंज क्षेत्र में होने की बात कही। दोनों चौकी प्रभारियों में सीमा को लेकर विवाद हो गया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और कर्नलगंज चौकी प्रभारी को पंचनामा भरने के निर्देश दिए। कर्नलगंज चौकी प्रभारी ने चौकीदार रामनाथ, अजय को बुलाकर उसके सामने शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव को जानवरों ने नोंच डाला था। इससे वह क्षतिविक्षत हो गया था। उसके कपड़े आदि समझ में नहीं आ रहे थे। पोस्टमार्टम में युवक की आयु लगभग 35 साल होने और उसके सिर में तीन दिन पूर्व गोली मारने की पुष्टि हुई। गोली सिर के आरपार हो गई थी। कोतवाल झाझनलाल ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।