अग्निवीर भर्ती में मैदान पर दौड़ के लिए तैयार युवा।
- फोटो : अग्निवीर भर्ती में मैदान पर दौड़ के लिए तैयार युवा।
फर्रुखाबाद। सेना भर्ती बोर्ड बरेली की ओर से चल रही भर्ती के छठवें दिन पीलीभीत और शाहजहांपुर के युवाओं ने भाग लिया। दौड़ परीक्षा में पास होने के लिए युवा ट्रैक पर सरपट दौड़े। 952 अभ्यर्थियों में 479 ने दौड़ पास कर ली। युवाओं को और शारीरिक गतिविधियों के लिए दूसरे मैदान पर ले जाया गया। जहां उन्होंने अपना दमखम दिखाया।
सोमवार को राजपूत रेजीमेंट सेंटर के करियप्पा मैदान में बरेली बीआरओ की ओर से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। भर्ती देखने के लिए पहुंचे युवाओं को रात में ही स्पोर्ट्स स्टेडियम में एकत्र किया गया। यहां से बारी-बारी से युवाओं को छावनी क्षेत्र की ओर भेजा गया। सिखलाईट रेजीमेंट सेंटर के बैरियर से मैदान में प्रवेश दिया गया।
शैैक्षिक व अन्य प्रमाण पत्रों की जांच के बाद युवाओं की लंबाई नापी गई। लंबाई नापने के बाद टोकन देकर युवाओं को ग्रुप में बांटा गया। 100-100 के ग्रुपों में ट्रैक पर दौड़े युवाओं में आगे निकलने की प्रतिस्पर्धा देखते ही बन रही थी। बीच-बीच में सैन्य अधिकारी ग्रुप बनाकर न दौड़ने की हिदायत दे रहे थे।
दौड़ परीक्षा में पास युवाओं को गड्ढा कूद, बीम आदि के लिए दूसरे मैदान पर ले जाया गया। सैन्य भर्ती अधिकारी ने बताया कि भर्ती के दौरान पीलीभीत और शाहजहांपुर के 1207 युवाओं को बुलावा पत्र भेजा गया था। 952 ने मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 479 युवा दौड़ परीक्षा में पास हुए। बताया कि मंगलवार को बरेली जिले के 1276 युवाओं को भर्ती के लिए बुलावा पत्र भेजा है।