फर्रुखाबाद। भांजी के जन्मदिन समारोह में शनिवार रात शामिल होने जा रहे युवक की बाइकों की भिड़ंत में मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई व दूसरी बाइक सवार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक की चार माह पूर्व ही शादी हुई थी। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जनपद शाहजहांपुर के कस्बा जलालाबाद निवासी अमन कुमार (20) अपने चचेरे भाई शानू (18) के साथ बाइक से रात में कमालगंज क्षेत्र के गांव महरूपुर राबी स्थित भांजी के जन्मदिन समारोह में आ रहा था। सामने से आ रही दूसरी बाइक सवार शहर के मोहल्ला नवाब दिलावर जंग निवासी जुनैद (16) अपने मामा शाहरुख (18)के साथ शाहजहांपुर स्थित रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में जा रहा था। इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के निकट दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हाे गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी राजेपुर ले गई। वहां गंभीर हालत होने से रेफर कर दिए जाने पर उन्हें रात 9.30 बजे लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने अमन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल उसके चचेरे भाई शानू व दूसरी बाइक सवार जुनैद, उसके मामा शाहरुख को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अमन की चार माह पहले ही शादी हुई थी। मां विस्मा को फोन पर घटना की सूचना दी गई।