नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। बाजार जाने के बहाने दोस्त एक युवक को गुरुवार शाम को मैनपुुरी के नवीगंज ले गया। वहां बंधक बनाकर उससे डेढ़ लाख रुपये, स्कूटी व मोबाइल छीन लिया। युवक के भाई से बात कराकर और रुपये खाते में डलवाने के लिए कहा।
भाई के जानकारी देने पर पिता और गांव के लोगों ने आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाया। इस पर युवक को शुुक्रवार सुबह छोड़ दिया गया। युवक ने परिजनों के साथ थाने में जाकर तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल मैनपुरी जिले का बताकर पल्ला झाड़ लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला छब्ब निवासी पूरन सिंह ने कार खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपये बैंक से निकाले थे। गांव का ही उसका दोस्त गुरुवार शाम उसे बाजार जाने के बहाने घर से बुला ले गया। पूरन अपनी स्कूटी से उसके साथ घर से निकला। दोस्त उसे जिला मैनपुरी के नवीगंज थाना क्षेत्र में ले गया। वहां दोस्त के अन्य साथी भी मिल गए।
आरोप है कि इन लोगों ने पूरन को बंधक बना लिया और उसके डेढ़ लाख रुपये, स्कूटी, मोबाइल छीन लिया। पूरन पर दबाव बनाया कि भाई टिंकू जो कि मध्य प्रदेश में एक कारखाने में प्राइवेट नौकरी कर रहा है से और रुपये खाते में डलवाए। पूरन ने टिंकू से बात की और रुपये खाते में डालने के लिए कहा।
भाई टिंकू को शक हुआ तो उसने पिता रामवृक्ष को जानकारी दी। इस पर पिता व गांव के अन्य लोगों ने पूरन के दोस्त के परिजनों पर दबाव बनाया। इस पर शुक्रवार को लगभग 11 बजे आरोपियों ने पूरन को छोड़ दिया।
दोपहर में पूरन ने अपने दोस्त व उसके साथियों के खिलाफ अपहरण कर डेढ़ लाख रुपये, स्कूटी, मोबाइल छीन लेने की तहरीर दी है। दरोगा दयामहेश ने घटनास्थल जिला मैनपुरी के थाना नवीगंज क्षेत्र का बताकर पल्ला झाड़ लिया। पूरन व उसके परिजन दलील देते रहे कि घटना तो गांव से ही शुरू हुई है।
उसके बाद भी पुलिस ने पूरे मामले में जांच करना भी उचित नहीं समझा। दरोगा दयामहेश ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। घटनास्थल पर गैरजनपद का है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।