बाइक समेत नहर में गिरा युवक, मौत
फर्रुखाबाद। कौशांबी जिले से बहन के लिए रिश्ता देखने आए युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। उसका साथी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बहनोई बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव ले गए। दूसरे घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कौशांबी जिले के थाना मैहवा के गांव उमरावा निवासी राधेश्याम का 28 वर्षीय पुत्र धर्मराज मेरापुर थाने के गांव नगला भोज में बहन के लिए रिश्ता देखने दो रिश्तेदारों के साथ आया था। रविवार भोर सभी बस से कायमगंज पहुंचे। इसकी जानकारी होने पर बस अड्डे से तीनों लोगों को लेने के लिए प्रहलादपुर निवासी राजू व नगला भोज निवासी संजू बाइक लेकर पहुंच गए। राजू की बाइक पर धर्मराज व संजू की बाइक पर अन्य दो रिश्तेदार बैठकर नगला भोज जा रहे थे।
ग्राम झब्बूपुर के पास राजू की बाइक असंतुलित होकर सूखी नहर में गिर गई, जिससे राजू व धर्मराज गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे संजू आदि ने हेडलाइट की रोशनी में दोनों को नहर में पड़ा देखा। घायलों को कायमगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर दोनों को रेफर कर दिया गया। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. प्रदीप ने धर्मराज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में राजू को परिजन निजी अस्पताल ले गए। धर्मराज के बहनोई ललित ने लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम न कराने के लिए लिखकर दे दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव ले गए।