ढाईघाट रोड पर अमन के शव को निकलवाते थानाध्यक्ष व लगी भीड़। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। ढाईघाट शमसाबाद रोड कासिमपुर गांव के सामने बाइक सवार मां बेटे खड्ड में गिर गए। पत्थर से सिर टकराने से युवक की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। चचेरे भाई ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने घायल मां को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर लोहिया रेफर कर दिया गया।
शाहजहांपुर जिले की कोतवाली जलालाबाद गांव भसुआमई निवासी रतीराम का 19 वर्षीय पुत्र अमन मां रेवती देवी को बाइक पर बैठाकर सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पपियापुर आ रहा था। अमन हेलमेट नहीं लगाए था। शमसाबाद क्षेत्र के गांव कासिमपुर के सामने मोड़ से गुजरने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक समेत मां बेटे खड्ड में जा गिरे। खड्ड में बाढ़ रोकने के लिए डाले गए पत्थर से अमन का सिर टकरा गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां रेवती गंभीर रुप से घायल हो गई। उसी दौरान चचेरा भाई निर्मल बस से शमसाबाद से गांव जा रहा था। भीड़ देखकर वह बस से नीचे उतरा और उसने युवक की शिनाख्त भाई अमन के रूप में की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मां को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उनको लोहिया रेफर कर दिया। अमन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।