शमसाबाद ब्लाक क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में गुरुपूर्णिमा पर गंगा स्नान
करने गए किशोर और एक युवक डूब गए। गोताखोरों ने युवक का शव कुछ समय बाद
निकाल लिया। जबकि देर शाम किशोर का शव भी मिल गया है। घटना से मृतकों के
परिजनों में कोहराम मचा है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई
बस्ती निवासी राजेंद्र कुमार (30) पुत्र रामचंद्र सुबह करीब 8 बजे ढाईघाट
पर गंगा स्नान करने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गहरे पानी में
राजेंद्र डूबने लगे। शोरशराबा पर गोताखोर पहुंचे और गंगा में कूदकर
राजेंद्र को खोजने लगे। एक घंटे बाद गोताखोरों ने उसेबाहर निकाला। इधर, घाट
पर रखी राजेंद्र की पैंट में मिली डायरी
पर लिखे नंबर पर फोन करने पर पिता
रामचंद्र आदि पहुंचे। परिजन राजेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर
आए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों
के अनुरोध पर पुलिस ने बगैर पंचनामा भरे शव सौंप दिया। रामचंद्र ने बताया
कि पुत्र राजेंद्र गंगा स्नान के दौरान डूब गया था।
गांव बेला सरायगजा
निवासी रमेश कुमार की पत्नी गुड्डी देवी और भाभी मीना देवी गंगा स्नान करने
बेला सरायगजा घाट गई थीं। इनके साथ गुड्डी का बेटा आकाश (13) भी था।
गुड्डी के मुताबिक वह और जेठानी स्नान करके बाद कपड़े बदलने के लिए बाहर
निकल आईं। आकाश स्नान करते समय गहरे में चला गया और गंगा नदी में डूब गया।
ये देख मां
गुड्डी और ताई मीना देवी ने शोरशराबा मचाया। घाट पर करीब
चार-पांच लोग थे लेकिन कोई तैरना नहीं जानता था। गुड्डी देवी ने परिजनों को
मोबाइल से सूचना दी। करीब 50 मिनट बाद परिजन व ग्रामीण पहुंच गए।
ग्रामीणों ने गंगा में घुसकर आकाश की तलाश की। उसका पता नहीं चला। प्रधान
मनोज मिश्रा ने एसओ प्रदीप यादव और एसडीएम कायमगंज
बीडी वर्मा को सूचना दी।
इस पर अफसर मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने गोताखोरों को गंगा में उतरवाया। देर
शाम करीब 7.15 बजे गोताखोरों ने आकाश का शव निकाल लिया। घटना की जानकारी
मिलने पर चेयरमैन विजय गुप्ता भी पहुंच गए। उन्होंने दुखी परिजनों को ढांढस
बंधाया। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। यह शव को घर ले गए।