बाइक से अपनी शादी के कार्ड बांटकर भाभी के साथ रिश्तेदारी से लौटते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। हेलमेट लगाए होता तो शायद सिर पर चोट न लगती। हादसे में भाभी व भतीजी भी घायल हो गईं। दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के पिपरगांव निवासी शिवम सक्सेना (25) पुत्र देवेंद्र कुमार शुक्रवार को बाइक से अपनी भाभी रुचि और दो वर्षीय भतीजी सृष्टि के साथ राजेपुर के गांव कड़हर रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने गया था। शाम करीब 6:30 बजे फतेहगढ़ के गांव सवासी मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर शिवम की मौके पर ही मौत हो गई और भाभी रुचि और भतीजी सृष्टि घायल हो गईं। शिवम हेलमेट नहीं लगाया था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, तभी उसका पहिया पंचर हो गया। इस पर वह ट्रैक्टर मौके पर ही छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में कर घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर शिवम के परिवार के लोग भी आ गए। शनिवार को पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता देवेंद्र सक्सेना ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शादी वाले घर में मातम, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे से शादी वाले के घर में मातम छा गया। पोस्टमार्टम हाउस पर भी परिवार के लोगों में कोहराम मचा रहा। शिवम दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। शिवम की शादी कोतवाली फतेहगढ़ के गांव नौगवां निवासी अमर सिंह की बेटी से तय हुई थी। बारात 4 मार्च को जाने वाली थी। शिवम के साथ भाभी रुचि भी रिश्तेदारी में भात मांगने के लिए गई हुई थी। जैसे ही हादसे में शिवम की मौत होने की खबर परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। शिवम की मां शीतला देवी और बड़े भाई रामगोपाल का रो-रोकर बुरा हाल था। शिवम की चार बहनें पूजा, ज्योति, गौरी और कीर्ति है। किसी की भी शादी नहीं हुई है।