लोहिया अस्पताल में रोते-बिलखते मृतक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बोलेरो सवारों ने बाइक से घर लौट रहे युवक को टक्कर मार गिरा दिया। इसके बाद लाठी सरिया से पीट कर बेदम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कनासी निवासी विकास उर्फ शिवप्रकाश (35) पुत्र श्रीप्रकाश कश्यप शनिवार सुबह बाइक से फर्रुखाबाद से घर लौट रहा था। वह गांव परमनगर के पास से गुजर रहा था कि पीछे से आई बोलेरो ने टक्कर मार दी। विकास के गिरते ही बोलेरो से उतरे लोगों ने उसे सरिया, लाठी से पीटना शुरू किया। विकास के मरणासन्न होने पर बोलेरो सवार भाग गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर विकास के पिता श्रीप्रकाश और परिवार के अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। श्रीप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विकास कानपुर से प्रकाशित एक अखबार का अभिकर्ता बताया जाता है।