कमालगंज। पत्नी को मायके ले जाने से रोकने पर ससुरालीजनों ने दामाद को पीट दिया। इससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा ली। परिजन ठिलिया पर लादकर युवक को सीएचसी लेकर पहुंचे। युवक की पत्नी को मायके वाले ले गए।
कस्बे के किदवईनगर निवासी अरुण कुमार (25) पुत्र राजाराम को शुक्रवार दोपहर को बेहोशी हालत में उसके परिजन ठिलिया से लेकर सीएचसी पहुंचे।
परिजनों ने मौके पर मौजूद डॉ. विकास पटेल से कहा कि युवक घर के कमरे में धोती का फंदा बनाकर फांसी पर लटक गया था। उन्होंने दरवाजे तोड़कर उसे उतार लिया।
होश में आने पर युवक ने कहा कि उसकी ससुराल कन्नौज के लालपुर अनीभोज से तीन महिलाएं व दो पुरुष घर आए थे। वे पत्नी को मायके ले जाना चाहते थे।
इस पर उसने पत्नी के गर्भवती होने से ले जाने से रोका। इस पर वे लोग बोले कि अपनी बिटिया को बाजार ले जाकर वापस आते हैं। उसे शंका हुई तो पीछे गया। वहां देखा तो वे लोग टेंपो से पत्नी को मायके ले जा रहे थे।
रोकने पर उसे पीट दिया। इससे घर जाकर उसने फांसी लगा ली। डॉ. विकास पटेल ने बताया कि युवक के गर्दन व मुंह पर चोट है।