कमालगंज। परिजनों के साथ क्षेत्र के खंतानाला घाट पर गंगा नहाने आया युवक गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर गंगा में खोजबीन कराई।
पुलिस कर्मी स्टीमर से तलाश करते रहे। देर शाम तक युवक का पता नहीं चला।
कन्नौज थाना गुरसहायगंज क्षेत्र के गांव टड़ा निवासी आकाश प्रजापति (25) हैदराबाद में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।
मंगलवार सुबह पांच बजे कार्तिक पूर्णिमा पर वह पत्नी शिल्पी, भाई विशाल, चाचा रविकांत, चाची ज्योति, पूजा, चचेरे भाई प्रशांत के साथ टेंपो से क्षेत्र के गांव खंतानाला में पुल के पास घाट पर स्नान करने आया था।
सुबह करीब छह बजे गंगा में स्नान करने के दौरान आकाश गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आजाद नगर गांव से गोताखोरों को बुलाकर गंगा में आकाश की खोजबीन कराई।
दोपहर करीब दो बजे क्षेत्राधिकारी अमृतपुर रविंद्र नाथ राय ने घाट पर पहुंचकर परिजनों से बात की। ग्रामीणों ने बताया कि तेज धार होने से आकाश बहकर काली नदी की ओर जा सकता है।
प्रशांत ने बताया कि आकाश चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मां आशा देवी, भाई विकास, विशाल, कृष्ण व पिता सर्वेश कुमार घाट पर रोते बिलखते रहे।
सर्वेश मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं।