मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव करथिया में बुधवार रात आछेलाल राठौर (38) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह उसकी पत्नी किरन ने गांव के एक युवक पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
आछेलाल बुधवार रात अपने घर में सो रहा था। रात करीब 12.30 बजे गांव का एक युवक दीवार फांदकर उसके घर में घुस गया। आछेलाल के जागने और शोर मचाने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और भाग गया। आछेलाल की बेटी कुमकुम ने अपने ताऊ हरिओम को फोन किया था। हरिओम की बेटी रानी ने फोन उठाया और पिता के सो जाने की जानकारी दी। सुबह देर तक आछेलाल चारपाई से नहीं उठे तो पत्नी किरन ने उन्हें मृत पाया। किरन के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए।
किरन और हरिओम ने गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। हरिओम ने बताया कि दो माह पूर्व आरोपी युवक से आछेलाल का विवाद हुआ था, उसी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया गया। आछेलाल की बेटी अंशिका की शादी हो चुकी है। इसके अलावा बेटी कुमकुम, सुमन, बेटा अर्जुन व गौतम है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। परिजन के आरोपों सहित अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन जारी है।
फोटो-2 आछेलाल। फाइल फोटो
फोटो-2 आछेलाल। फाइल फोटो