फोटो-10 बिलावलपुर डिप से तेज धार में निकलते ग्रामीण। संवाद
फर्रुखाबाद। गंगा का जलस्तर बढ़ते ही कटरी क्षेत्र के करीब 15 गांवों को जोड़ने वाले बिलावलपुर डिप पर पानी की धार तेज हो गई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से गेहूं भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद से बड़े वाहनों का आवागमन रोक गया। खतरों के बीच कुछ ग्रामीण साइकिल और पैदल निकल रहे हैं। बड़े वाहनों को पांच किमी फेर लगाकर शहर आना पड़ता है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बिलावलपुर में बनी डिप पर पानी का बहाव तेज है। 29 सितंबर की सुबह पुलिया के पास सड़क कटने से गेहूं भरा ट्रैक्टर ट्रॉली गिर गया था। इसके बाद से बैलगाड़ी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आवागमन पूरी तरह रुक गया है। बृहस्पतिवार को जलस्तर में और अधिक इजाफा हुआ है। अब चंद लोग बाइकें लेकर और पैदल गुजर रहे हैं। हालांकि अधिकांश लोग वहां लगी नावों का ही सहारा लेते हैं।
डिप के दूसरी तरफ गंगा कटरी में बसे करीब 15 गांवों के लोग अपने वाहनों को कुबेरपुर घाट गांव होकर निकल रहे हैं। इससे शहर में आने और शहर से गांवों को जाने के लिए पांच किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। बिलावलपुर के महाराम पाल ने बताया कि पानी तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि नरौरा से कम पानी छोड़े जाने से दो दिन बाद डिप पर वाहनों का आवागमन शुरू होने की उम्मीद है।