मिशन अस्पताल के गेट पर खड़े जांच कराने आए लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
रेड जोन से आए मजदूरों की नहीं हो सकी जांच
नवाबगंज। जनपद में गैर प्रांत व महानगरों के रेड जोन से मजदूरों का आना लगातार जारी है। वहीं जांच में ढिलाई के चलते जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को रेड जोन से आए करीब 30 लोगों को ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर प्रधान का पुत्र सीएचसी से लेकर फैसिलिटी सेंटर तक भटका। कंट्रोल रूम में सूचना देने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इस पर उन्हें वापस ले जाकर घरों में छोड़ दिया।
शमसाबाद ब्लाक व नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बघौना में रविवार रात से सोमवार सुबह तक अहमदाबाद से 12, आगरा से सात व मथुरा से 11 लोग घर पहुंचे। ग्रामीणों ने सूचना थाने में दी। इस पर दरोगा नितिन कुमार ने प्रधान मिथलेश कुमारी के पुत्र विशाल यादव को बुलाया। उसके ट्रैक्टर-ट्राली से इन 30 लोगों को सीएचसी शमसाबाद भेजा।
वहां जांच न होने पर विशाल सभी को मिशन अस्पताल स्थित फैसिलिटी सेंटर लेकर पहुुंचे। वहां सुनवाई न होने पर कंट्रोल रूम को फोन किया। विशाल के अनुसार वहां भी सुनवाई नहीं हुई। सुबह से शाम चक्कर लगाने से इनमें शामिल 8 बच्चे भूख-प्यास से परेशान हो गए। इससे उन्होंने सभी को वापस लाकर उनके घरों में छोड़ दिया। होम क्वारंटीन रहने की सलाह दे दी है।