क्षेत्र के गांव कोठी में मेन बाजार में देसी शराब पर महिलाओं ने धावा बोल दिया। शराब पीने के लिए बनी दुकान में ताला डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से महिलाओं की जमकर नोंकझोंक हुई। महिलाओं ने दो दिन में बस्ती में चल रहे ठेके हटाने का अल्टीमेटम दिया।
थाना क्षेत्र के गांव कोठी के मेन बाजार में बहोरिकपुर निवासी संजय राणा का देसी शराब का ठेका है। गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे एक सैकड़ा महिलाओं और बच्चों ने ठेका पर धावा बोल दिया। सेल्समैन कुमदेश ने विरोध किया। इस पर महिलाएं उग्र हो गई।
उन्होंने सेल्समैन को पीट दिया। सेल्समैन ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद महिलाओं ने ठेके में जमकर तोड़फोड़ की और दुकान में रखी शराब की नौ पेटियों को सड़क पर फेंक दिया।
सेल्समैन की सूचना पर एसओ ललितेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। एसओ ने कहा कि ठेका हटाने को लेकर उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
महिलाओं ने एसओ से कहा कि क्षेत्र में बस्ती में चल रहे ठेका को तत्काल हटवाया जाए। एसओ ने महिलाओं को बस्ती में चल रहे ठेकों को हटवाने का अश्वासन दिया तब जाकर महिलाएं शांत हुई।
उधर ठेकेदार संजय सिंह राणा ने बताया कि 31 मार्च से 6 अप्रैल तक की बिक्री का एक लाख 16 हजार दुकान में रखे थे जो उन्हें नहीं मिले। प्रदर्शनकारी उक्त रुपये उठा ले गए हैं। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।