महिलाओं ने लगाया जाम, पुलिस ने धमकाया
फर्रुखाबाद। शहर के आंबेडकरनगर नरकसा में पेयजल की समस्या का समाधान न होने पर महिलाओं ने फिर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हड़काया, तो महिलाएं विवाद पर उतर आईं। पुलिस ने मौके की नजाकत देख समझा बुझाकर शांत कर दिया। इस दौरान काफी दूर तक जाम लग गया।
कादरीगेट-लिंजीगंज मार्ग पर बसे मोहल्ला नरकसा में अभी तक पाइप लाइन नहीं डाली गई है। इससे करीब 200 मकानों के लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। नगर पालिका के दो बार आश्वासन के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ, तो बुधवार दोपहर दो बजे फिर सैकड़ों महिलाओं ने मार्ग पर जाम लगा दिया।
सड़क पर बल्ली लगा लीं और खाली बाल्टियां हाथ में ले लीं। सूचना मिलने पर करीब आधा घंटे बाद कादरीगेट चौकी प्रभारी राजेश राय पहुंचे। उन्होंने पुलिस बल से बल्लियां हटवाना शुरू कर दिया। इस पर महिलाएं उग्र होने लगीं। मामला तूल पकड़ने लगा तो पुलिस ने समझाना शुरू किया। चौकी प्रभारी ने लोगों को मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी।
जाम लगाए बुजुर्ग महिला ने कहा कि समस्या समाधान करने की बजाय मुकदमा लिखाने की धमकी दी जा रही है। नगर पालिका का कोई भी अधिकारी और कर्मचारी मोहल्ले में नहीं आता। हम लोग भीषण गर्मी में पानी के संकट से जूझ रहे हैं। पुलिस के समझाने पर महिलाएं मान गईं। पुलिस ने एक महीने का इंतजार करने की बात कही। मोहल्ले के लोगों में सबसे ज्यादा रोष नगर पालिका के मनमाने रवैये पर है।
वर्जन
‘पाइपलाइन की नापजोख हो चुकी है। स्टीमेट बनाया जा रहा है। इस कार्य में कुछ समय लगेगा। पाइपलाइन हर हाल में डलवाई जाएगी।’
-रविंद्र कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद।