फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला की निवासी महिला ने सिपाही पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को महिला ने अदालत में अर्जी दायर की है। सीजेएम ने फतेहगढ़ कोतवाली से आख्या मांगी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला ने नोएडा में तैनात सिपाही नीरज चौधरी के खिलाफ अदालत में अर्जी दायर की है। इसमें कहा कि सिपाही 2017 में फर्रुखाबाद शहर कोतवाली में तैनात था। वह उसके मकान में किराये पर रहता था। पति से मतभेद होने जानकारी होने पर सिपाही ने मदद का भरोसा दिया। इसके बाद वर्दी के रौब में सिपाही शारीरिक शोषण करने लगा। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर सिपाही ने उससे दो लाख रुपये हड़प लिए।
सिपाही का तबादला नोएडा हो गया। इसके बाद भी वह अक्सर रात में आता था और उसे धमका कर दुष्कर्म करता था। 12 जनवरी 2020 की रात दस बजे सिपाही उसके घर आया। दुष्कर्म करके वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगे। विरोध पर मारपीट करने के बाद चेन तोड़ ली। चिल्लाने पर पति कमरे से निकल आए। सिपाही उसको व पति को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। तब से लगातार सिपाही मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की अर्जी पर सीजेएम ने फतेहगढ़ कोतवाली से आख्या मांगी है।