कायमगंज। ग्राम अरियारा निवासी महिला सुजाता देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में सुजाता देवी ने बताया कि वह गरीब परिवार से है। अपने बच्चों के साथ खेत में नर्सरी का काम करती हैं। बीते 11 मई को बच्चों में मामूली कहासुनी के बाद वह खेत से लौट रही थी। गांव के अजय पाल, शिवकुमार, शिवानी, जया, तिमला, नीरज व गुड्डी देवी पहले से ही सड़क के किनारे झोपड़ी में छिपे बैठे थे। जैसे ही वह वहां से गुजरीं, सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में उनका पुत्र अमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। सुजाता देवी का आरोप है कि 13 मई को उक्त लोगों ने दोबारा रास्ता घेरकर जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर अनुराग मिश्रा ने बताया कि पुलिस जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जिसके बाद सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।