फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल में इलाज के लिए आई एक महिला के बैग से जेवर किसी ने पार कर दिए। सूचना के आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी देवेश कुमार मिश्रा की विवाहित पुत्री प्रिया मिश्रा अपने मासूम पुत्र को गोद में लेकर लोहिया अस्पताल अपनी दवा लेने गई थीं। डाक्टर को दिखाने के लिए लाइन में लगी थीं, भीड़ और बच्चा गोद में होने की वजह से कंधे पर लटके बैग की ओर ध्यान नहीं दे सकीं। तभी किसी ने बैग से तीन अंगूठी, एक झाला और 100 रुपये गायब थे। प्रिया ने शोर मचाया, तो कर्मचारी एकत्रित हो गए। पीड़िता ने फोन कर अपने भाजपा नेता भाई पवन मिश्रा को बुला लिया।
फोन करने के बाद भी चौकी इंचार्ज नहीं आए। तब पीड़िता के भाई ने एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी का खास होने की बात कहकर कोतवाल और अधिकारियों को फोन कर दिया। आधा घंटे बाद आवास विकास चौकी प्रभारी जगदीश भाटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी हासिल की। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर चोर को तलाशा जाएगा।