कंपिल (फर्रुखाबाद)। फावड़े से सिर व गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर महिला की हत्या कर दी गई है। पुलिस महिला के पति व पड़ोसी युवक की तलाश कर रही है। पति, पड़ोसी युवक के घर पर आने-जाने का विरोध करता था। इसकी चलते हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस को मौके से खून से सनी खुरपी, फावड़ा व महिला के टूटे बाल मिले हैं।
कस्बे के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी रामऔतार बाथम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पहले वह गुजरात में भट्ठे पर काम करता था। कोरोना के कारण काफी समय से यहीं मजदूरी कर रहा है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि रामऔतार जब मजदूरी करने जाता था तो पड़ोसी युवक घर आता था। रामऔतार को युवक के घर आने पर आपत्ति थी। इस बात को लेकर पत्नी अनीता देवी (35) से अक्सर झगड़ा होता था। पिछले पांच दिनों से दंपती में विवाद चल रहा था।
शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। इस पर बेटी रोशनी (10), ज्योति (8), सुहानी (6) दो वर्षीय बहन दिव्यांशी को गोद में लेकर कुछ दूर पर रह रहे चाचा संतोष व हीरालाल के घर चली गई। लगभग तीन बजे चारों बच्चे घर आए तो मां को बरामदे में लहूलुहान हालत में मृत अवस्था में पड़ा देखा। बच्चों के
शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को बरामदे में खून से सनी हुई खुरपी व फावड़ा मिला। कमरे व बरामदे में जगह-जगह खून पड़ा था। जीने व कमरे में अनीता के टूटे बाल मिले। घटना स्थल को देेखकर लग रहा था कि अनीता का पति से काफी देर तक झगड़ा चला और मारपीट भी हुई। अनीता की गर्दन व चेहरे पर कई गहरे घाव थे।
सीओ कायमगंज राजवीर सिंह, एसओ राजेंद्र विक्रम सिंह ने बच्चों व पड़ोसियों से जानकारी की। बेटी रोशनी ने मां अनीता व पिता के बीच झगड़ा होने की बात बताई। उसने बताया कि पड़ोस के अंकल के घर आने पर मां भी विरोध करती थी। पुलिस ने शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव सरैया निवासी अनीता के भाइयों को सूचना भेज दी। सीओ राजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
रामऔतार ने गुरुवार की रात पत्नी अनीता की पिटाई की थी। शोर सुनकर जुटे मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप किया था। पति-पत्नी को समझाकर मामले को रफा दफा कर दिया था।