सास से झगड़े के बाद फंदे पर झूली महिला
फर्रुखाबाद। सास से झगड़े के बाद बहू ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति सहित सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव निवासी राजू की शादी मार्च 2019 में हरदोई के थाना पाली के गांव भैंसी नगला निवासी रामसनेही की पुत्री पूजा (23) से हुई थी। शादी के बाद पूजा ने पुत्र को जन्म दिया। मंगलवार की रात पूजा का सास छत्रवती से विवाद हो गया। रात में जब सभी लोग सो गए तो पूजा ने कमरे में गले में फंदा लगाकर जान दे दी।
बुधवार की सुबह पति राजू ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाया। घटना की सूचना पर पिता रामसनेही, भाई धमेंद्र मौके पर पहुंचे। भाई धमेंद्र ने बहनोई राजू व उसके पिता शिवलाल, मां छत्रवती पर दहेज में बाइक की मांग न पूरी होने पर बहन को मारकर फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि पूजा का सास से विवाद हुआ था। इस पर उसने फांसी लगा ली। भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बहनोई को पीटने दौड़ा
पूजा की मौत पर भाई धमेंद्र बहनोई राजू के परिजनों को भला बुरा कह रहा था। तभी राजू ने विरोध किया तो धर्मेंद्र ने गालीगलौज कर राजू के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। इससे पोस्टमार्टम हाउस में भगदड़ मच गई।