मोहम्मदाबाद सीएचसी में नवजात बच्ची के साथ रेखा।
- फोटो : FARRUKHABAD
रोडवेज बस में महिला ने बच्ची को दिया जन्म
मोहम्मदाबाद। जयपुर से अपने घर जा रही महिला ने रोडवेज बस में बच्ची को जन्म दिया। चालक परिचालक ने सभी सवारियों को उतारकर उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
जनपद हरदोई थाना हरपालपुर के गांव खसौरा निवासी छोटे सिंह जयपुर में ट्रांसफार्मर की फैक्टरी में काम करता है।
वह गर्भवती पत्नी रेखा के साथ रविवार शाम को राजस्थान परिवहन निगम की बस से घर जा रहा था। सोमवार भोर में करीब 3.30 बजे बस मोहम्मदाबाद पहुंची। तभी रेखा को प्रसव पीड़ा होने लगी। छोटे ने इसकी जानकारी परिचालक शंकर लाल मीणा को दी। इस पर परिचालक से बस को मोहम्मदाबाद स्टैंड पर रुकवा दिया। सभी पुरुष यात्रियों को उतार दिया।
बस में मौजूद महिला यात्रियों के सहयोग से रेखा ने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद चालक-परिचालक यात्रियों को स्टैंड पर ही छोड़ कर दंपति को नवजात के साथ लेकर सीएचसी मोहम्मदाबाद पहुंचे। वहां मां-बेटी को भर्ती करा दिया। इसके बाद चालक-परिचालक वापस स्टैंड पहुंचे और सवारियों को लेकर फर्रुखाबाद चले गए। बाद में प्राइवेट वाहन से दंपति घर चले गए।