दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और चाकू, आठ घायल
फर्रुखाबाद। शहर के दो बड़े घरानों में रविवार देर रात लाठी-डंडे और चाकू चल गए। इसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को हिरासत में ले लिया। एक तरफ से दो नामजद व 12 अज्ञात और दूसरी तरफ से छह नामजद व पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
शहर के बागकूंचा निवासी सुनील मिश्रा (डेयरी वाले) और रस्तोगी मोहल्ला के रवीश रस्तोगी के परिजनों में रविवार रात करीब 11 बजे विवाद हो गया। बात बढ़ी, तो जमकर लाठी-डडे और चाकू चल गए। इसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक तरफ से आयुष रस्तोगी, उत्कर्ष रस्तोगी, रजत रस्तोगी और रवीश रस्तोगी तथा दूसरी तरफ से सुशील मिश्र, सुनील मिश्र, शिवम मिश्र व अर्षित मिश्र का डाक्टरी परीक्षण कराया।
सुनील मिश्र की तहरीर पर रजत रस्तोगी, रवीश रस्तोगी, आयुष रस्तोगी, उत्कर्ष रस्तोगी, मनोज उर्फ पप्पू रस्तोगी, शौर्य यादव समेत पांच अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट तथा चाकू से उंगली काटने का आरोप लगाया गया है। उधर, रवीश रस्तोगी की तहरीर पर अमन मिश्रा, विवेक मिश्रा (डेयरी वाले) समेत 12 अज्ञात पर मुकदमा लिखा गया।
इसमें फ्री तंबाकू देने, शराब पिलाने तथा रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे रोड चौकी प्रभारी रामकेश ने बताया कि एक तरफ से आयुष रस्तोगी व उत्कर्ष रस्तोगी तथा दूसरी तरफ से सुशील मिश्रा व शिवम मिश्रा को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।