संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। पुत्रवधू को दवा दिलाने पैदल जा रही एक महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बाइक लेकर फरार हो गया। परिजनों ने थाने में शव रखकर तहरीर दी। हादसे की सूचना पर घर में कोहराम मचा है।
थाना क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी रामसिंह राजपूत की पत्नी सुदामा देवी (55) अपनी पुत्रवधू को दवा दिलाने चिलसरा गांव में बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जा रहीं थीं। जैसे ही वह चिलसरा गांव में ग्रामीण बैंक के सामने पहुंची, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे सुदामा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें लोहिया ले जा रहे थे, तभी गांव के पास में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी है। सुदामा के दो बेटे रवेंद्र और नन्हें हैं। चिलसरा चौकी प्रभारी रामकृपाल ने बताया, बाइक सवार की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
आठ के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली के मोहल्ला बिर्राबाग निवासी जय देवी, रामऔतार राजेश कुमार, कल्लू, शांती नगर निवासी नन्हे लाल, शांती नगर पजाबा निवासी जितेंद्र, छायारानी गुप्ता, सुमन के खिलाफ अवर अभियंता विद्युत अजय बाबू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कटिया डाल कर बिजली चोरी करने का आरोप लगाया है।