कमालगंज(फर्रुखाबाद)। खुदागंज के पास से दवा लेकर लौट रही पखना निवासी महिला की स्कूटी से गिरने पर मौत हो गई। महिला का पुत्र स्कूटी चला रहा था। सामुदायिक केंद्र से महिला का शव सरकारी शव वाहन से पखना भेजा गया।
जिले के मोहम्मदाबाद ब्लॉक में मेरापुर थाना क्षेत्र के पखना निवासी महिला माया देवी(66) रविवार को अपने पुत्र सुखवीर को लेकर खुदागंज क्षेत्र में स्कूटी से आई थीं। वापस जाते समय दोपहर को स्कूटी में पीछे बैठीं माया देवी सड़क पर गिर गईं। स्कूटी पर एक अन्य महिला भी बैठी थी। सुखवीर किसी तरह मां को सामुदायिक केंद्र कमालगंज लाए। वहां डॉ. मानसिंह वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद से शव वाहन मंगवाकर पखना शव भिजवाया। चिकित्सक ने बताया कि महिला के पुत्र का कहना था कि वह खुदागंज क्षेत्र से दवाई लेकर वापस जा रहे थे। उबरी खेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास महिला स्कूटी से गिरी थी।