कोतवाली क्षेत्र के कायमपुर गांव निवासी महिला की प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला के पिता ने कोतवाली में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने अंतिम संस्कार को ले जाए जा रहे शव को रोक दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के रैसेपुर गांव निवासी 29 वर्षीय महिला की शादी वर्ष 2011 में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के कायमपुर गांव में हुई थी। 21 अक्तूबर को घर पर ही उन्होंने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई। डॉक्टर की सलाह पर उसे आगरा ले जाया गया।
वहां इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ढाई घाट ले रहे थे। इसी दौरान महिला के पिता ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने को कहा। इस पर एसआई रहीस खां ने मौके पर जाकर शव रोक दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।