फर्रुखाबाद। सुनवाई नहीं होने पर महिला ने एसपी कार्यालय के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। एसपी स्कार्ट के चालक ने महिला से माचिस छीनकर उसको बचाया। महिला को एसपी के सामने पेश किया गया। एसपी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाथीखाना निवासी रूबी के पति के मोहल्ले के युवक से अच्छे संबंध थे। युवक ने रूबी से चार लाख रुपये व्यापार में लगाने के बाद एक लाख का लाभ दिलाने का झांसा दिया। रूबी युवक की बातों में आ गई। डाकघर से चार बार में निकालकर युवक को चार लाख रुपये दे दिए। युवक ने पांच हजार रुपये महीने देने की बात कही।
कुछ माह तक युवक रूबी को रुपये देता रहा। इसके बाद युवक ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। रूबी के रुपये मांगने पर युवक ने जान से मारने की धमकी दी। रुबी ने कोतवाली फतेहगढ़ में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रूबी ने पुलिस को परिवार सहित आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को रूबी एसपी कार्यालय के बाहर पहुंची। जहां उसने बोतल से अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। माचिस जलाकर आत्मदाह करने जा रही थी।
उसी दौरान एसपी स्कार्ट में तैनात चालक विनोद ने उसको माचिस जलाते देख लिया। विनोद ने रूबी के हाथ से माचिस छीन ली। महिला सिपाही ने रूबी को कब्जे में ले लिया। मौके पर खलबली मच गई। रूबी को एसपी के सामने पेश किया गया। एसपी ने इस मामले मेंं कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
महिला एसओ पूनम अवस्थी को बुलाकर रूबी के मामले में जानकारी करने के निर्देश दिए। महिला एसओ ने जानकारी करने के बाद रूबी को फतेहगढ़ कोतवाली भेज दिया। इंस्पेक्टर हरिश्याम सिंह ने बताया कि पूरे मामले में जांच करवाई जा रही है।