फर्रुखाबाद। शहर में महिला व युवक की डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। शनिवार को मोहल्लों में स्वास्थ्य टीम ने कैंप लगाकर परिजनों की जांच की।
जिले में इन दिनों बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। इससे सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ है। शहर के मोहल्ला शिवनगर निवासी अमित को बुखार आने पर उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच में उनकी डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के निकट निवासी महिला बुखार आने से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। जांच कराने पर वह भी डेंगू पॉजिटिव मिली। हालांकि दोनों मरीजों की तबियत में अब सुधार है।
दो डेंगू मरीज मिलने पर सिविल अस्पताल लिंजीगंज से टीम भेजी गई। डॉ. नवनीत गुप्ता ने एलटी दीपकांत शुक्ला व फार्मासिस्ट पंकज के साथ जाकर दोनों मोहल्लों में कैंप लगाया। जांच में 13 मरीज बुखार से व चार खांसी से पीड़ित मिले। हालांकि मलेरिया व डेंगू जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
रेलवे स्टेशन के निकट निवासी मोहल्ले के लोगों ने बताया कि यहां गंदगी की भरमार है। नगरपालिका कर्मियों को सूचना देने के बावजूद सफाई नहीं कराई। मच्छरों की भरमार से संक्रामक रोग फैल रहे हैं। डॉ. नवनीत ने बताया कि दोनों मरीजों की शुक्रवार को डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट आने से स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच करने के साथ दवाई वितरित की गई। विदित है कि इससे पहले जिले में डेंगू के तीन मरीज मिल चुके हैं।