मोहम्मदाबाद। घर से दोपहर में निकले छात्र का शव पेड़ पर लगे फंदे से शाम को लटका हुआ मिला। परिजन आत्महत्या के कारण के बारे में कुछ नहीं बता सके। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर नमूने एकत्र किए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गिरीरामपुर निवासी मोहित उर्फ करन (18) कस्बा के एक कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता है। पिता जोत सिंह खेती व पशुओं का व्यापार करके परिवार का भरण पोषण करते हैं।
मोहित शनिवार दोपहर मां अनेकश्री को घर के पास बने घेर में जाने की बात कहकर निकल आया। काफी समय बीतने पर मोहित नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गांव के एक ग्रामीण ने खेत की ओर जाने की बात बताई। परिजन तलाशते हुए पड़ोसी गांव अलावलपुर के पास पहुंचे। जहां पेड़ पर मोहित को रस्सी से फंदे पर लटका हुआ पाया।
सूचना पर सीओ अरुण कुमार, दरोगा राजेश कुमार व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर परिजनोंं से आत्महत्या के कारण के बारे में पूछा। परिजन इस बारे में कोई जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अरूण कुमार ने बताया कि छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।