फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डे के पूछताछ केंद्र प्रभारी की बिना नमूना दिए ही गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। कंट्रोल रूम से जब फोन आया तो विभाग में हड़कंप मच गया। उन्होंने एंटीजन जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव निकली। आरटीपीसीआर जांच के लिए भी नमूना दे दिया है।
रोडवेज बस अड्डे के पूछताछ केंद्र प्रभारी के पद पर शिवप्रकाश दुबे की तैनाती है। वह सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक सैकड़ों परिचालकों, चालकों, साथी स्टाफ और यात्रियों के संपर्क में आते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12
बजे उनके पास कोरोना कंट्रोल रूम से फोन आया और उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव बताई। इस पर वह दहशत में आ गए। शिवप्रकाश ने जानकारी साथी कर्मियों को दी तो विभाग में हड़कंप मच गया। शिवप्रकाश ने बताया कि जब उन्होंने कोरोना जांच के लिए नमूना ही नहीं दिया तो रिपोर्ट पॉजिटिव कहां से आ गई।
इसके बाद बस स्टैंड पर ही लगे काउंटर पर उन्होंने एंटीजन जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद शिवप्रकाश ने आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूना भी दे दिया है। फिलहाल देर शाम तक वह काउंटर पर सामान्य दिनों की तरह काम करते रहे।