बिजली चोरी रोकने को अमीन और लेखपालों को जिम्मेदारी मिलते ही हर किसी को
कनेक्शन दिए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिस गांव में बिजली के तार
नहीं है, वहां भी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। कनेक्शन होने पर उपभोक्ता बिजली
जलाए या न जलाए, निगम अपने कागजों में बिलिंग शुरू कर देगा। शहरी क्षेत्र
में कम रुपये में कनेक्शन दिए जाने पर कंप्यूटर से रसीद काटना विभागीय
अधिकारियों के लिए मुसीबत बनना तय है।
बिजली चोरी रोकने के अभियान के
तहत हर किसी को कनेक्शन दिए जाने की जिम्मेदारी जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने
लेखपाल और अमीनों को सौंपी है। ग्रामीण खंड ने 255 और शहरी क्षेत्र ने 12
रसीदें लेखपाल और अमीनों को कनेक्शन के लिए जारी कर दी हैं। अमीन और
लेखपालों ने गांव-गांव जाकर कनेक्शन करने शुरू कर दिए हैं। खास बात तो यह
कि जिन गांवाें में बिजली की लाइन नहीं है, वहां भी कनेक्शन देने का कार्य
शुरू हो गया है। मोहम्मदाबाद गांव के मदनपुर वाल्मीकि मोहल्ले में
विद्युतीकरण नहीं है।
यहां के नौ लोगों को कनेक्शन दिए गए हैं। जिन्हें
कनेक्शन दिया गया, उन्हें 300 मीटर दूर पड़ी लाइन से तार खींच कर लाना
होगा। ग्रामीण खंड में अमीन और लेखपालों ने दो दिन में 1250 उपभोक्ताओं को
कनेक्शन दिए हैं। शहरी क्षेत्र में लगभग 500 कनेक्शन दिए गए हैं। शहरी
क्षेत्र के लोगों से अगर कम रुपये लेकर कनेक्शन दिया गया तो इनकी कंप्यूटर
से रसीद कटनी मुश्किल होगी। कंप्यूटर पूरी फीस पर रसीद काटता है। इसको लेकर
विभागीय अफसर परेशान हैं। शहरी क्षेत्र के अधिकारियों की मानें तो
निर्धारित रुपये से कम में कनेक्शन देने पर कंप्यूटर में फीडिंग नहीं हो
पाती है।
कनेक्शन बिना पंप चलाने की शिकायत
मोहम्मदाबाद इलाके के गांव पिपरगांव के मजरा मदनापुर में छह ग्रामीण बिना
कनेक्शन कराए सबमर्सिबल से खेत में पानी लगा रहे हैं। इसकी शिकायत अवर
अभियंता से करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इसकी शिकायत एक्सईएन
ग्रामीण से की गई है। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने बताया कि इस मामले की
जांच कराई जाएगी।
एफआईआर में नंबर तीन, ओटीएस में नंबर वन
तीस दिन चले बिजली चोरी रोको अभियान में कानपुर मंडल में आने वाले जिलों
में फर्रुखाबाद एफआईआर दर्ज कराने के मामले में नंबर तीन पर है। ओटीएस
योजना के तहत पंजीकरण कराने में जिला एक नंबर पर पहुंच गया है। अगर सर्किल
पर नजर डाली जाए तो कन्नौज जिले के कारण फर्रुखाबाद एफआईआर दर्ज कराने में
पीछे रह गया है।
बिजली चोरी और लाइन लॉस खत्म करने को प्रदेश सरकार के
आदेश पर 12 जनवरी से बिजली चोरी रोको अभियान शुरू हुआ।
इसके तहत शहरी व
ग्रामीण खंड में छापेमारी कर कनेक्शन काटे गए और कटिया डालने वालों पर
एफआईआर दर्ज कराई गईं। अभियान में धार रखने को जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने
अपने हाथों में कमान ले ली थी। इन्हाेंने अधिकारियों को छापेमारी कर अधिक
से अधिक बिजली चोरों को पकड़ने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
अमृतपुर और राजेपुर क्षेत्र में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज न होने पर अवर
अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए एमडीएम को पत्र लिखा।
30 दिन के अभियान
में जिले के शहरी क्षेत्र में 251 और ग्रामीण क्षेत्र में 357 लोगों के
खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इससे कानपुर मंडल में आने वाले
जिलों में फर्रुखाबाद एफआईआर दर्ज कराने के मामले में तीसरे स्थान पर रहा।
विभागीय
आंकड़ों में सर्किल को देखें तो कन्नौज जिले के कारण फर्रुखाबाद सर्किल
एफआईआर दर्ज कराने में सबसे पीछे रह गया है।
कानपुर मंडल में तीन सर्किल
आते हैं। तीनों सर्किलों में कुल 3182 एफआईआर दर्ज र्हुइं। इसमें कानपुर
सर्किल में 1283, इटावा सर्किल में 1076 और फर्रुखाबाद सर्किल में 823
लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गईं। प्रदेश सरकार की ओर से बकाएदारों को
एकमुश्त बिजली का बिल जमा करने में छूट दिए जाने के लिए शुरू हुई योजना के
तहत बकाएदारों का रजिस्ट्रेशन कराने में जिले का पहला स्थान रहा। कानपुर
सर्किल में 1300, इटावा सर्किल में 897 व फर्रुखाबाद सर्किल में 1877
उपभोक्ताओं के ओटीएस में रजिस्ट्रेशन हुए हैं।