राजेपुर (फर्रुखाबाद)। प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले थाना क्षेत्र के गांव कुबेरपुर कुतलूपुर के ग्रामीण की दिल्ली से घर लौटते समय सर्दी लगने से मौत हो गई। मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव कुबेरपुर कुतलूपुर निवासी ब्रजेश कुमार (40) पुत्र राधेश्याम दिल्ली में प्राइवेट फैक्ट्री में गार्ड थे। शनिवार को वह दिल्ली से बस से घर लौट रहे थे। देर रात करीब 3 बजे ब्रजेश कुमार बस से फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डा उतरे। इसके बाद वह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगानगर कालोनी में रहने वाले अपने भाई सुनील कुमार के यहां चले गए। सुनील कुमार के मुताबिक भाई ब्रजेश कुमार ने सर्दी लगने की बात कही।
सुनील ने अलाव जलवाया और भाई ब्रजेश कुमार से तापने के लिए कहा। तड़के करीब 5.30 बजे ब्रजेश कुमार की मौत हो गई। शव देख पत्नी उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का पांचाल घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के चार बच्चे रमन, सत्यम, आंशी और प्रतिभा हैं। सुनील कुमार ने बताया कि भाई ब्रजेश कुमार दिल्ली से बस देर रात करीब 3 बजे लौटे थे।
ब्रजेश ने सर्दी लगने की बात कही थी। अलाव जलाकर ब्रजेश को तापने के लिए बैठा दिया। सुबह ब्रजेश को चिकित्सक के यहां ले जाते। इससे पहले ही ब्रजेश की मौत हो गई।