फर्रुखाबाद। लखनऊ में अपने मायके जा रही पत्नी ने पति को बस से धक्का देकर उतार दिया। इसके बाद पति ने कादरीगेट थाने के खानपुर के पास विषाक्त पदार्थ खा लिया। बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना पर पहुंचे रिश्तेदार ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
शमसाबाद के मोहल्ला कोटला निवासी नोमान (30) सोमवार सुबह अपनी पत्नी नसरा और दो साल के बेटे के साथ लखनऊ ससुराल के लिए निकला था। दंपती हरदोई जाने वाली बस में सवार हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चांदपुर स्थित श्याम कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंची, तभी दंपती में विवाद होने लगा। पत्नी ने नोमान को बस से धक्का देकर नीचे उतार दिया। इसके बाद वह बस से चली गई। नोमान ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। वहां से निकल रहे लोगों ने नोमान के रिश्तेदार अमेठी जदीद निवासी कामिल को सूचना दी। कामिल ने बताया कि पत्नी के नोमान को धक्का देते हुए आसपास के लोगों ने वीडियो भी बनाए हैं। पत्नी के चले जाने के कारण ही उसने विषाक्त पदार्थ निगल लिया।