पिता ने दामाद सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ के मोहल्ला सैनिक कालोनी निवासी बैंक कर्मी प्रदीप उर्फ कमल की पत्नी नूतन की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें नूतन ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है। मायके वालों के पहुंचने से पहले पति व ससुुरालीजनों के खिसक जाने से भड़के परिजनों ने मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। आधा घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। पिता ने दामाद सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
भोलेपुर सैनिक कालोनी निवासी प्रदीप उर्फ कमल की पत्नी नूतन(37) की शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। तभी उसके मायके वाले नोएडा से पहुंच गए। तभी प्रदीप वहां से खिसक गया। मायके वाले पुलिस पर आरोप लगाने लगे कि उसने प्रदीप को भगा दिया।
इसके बाद मायके वालों ने फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और नूतन की हत्या का आरोप लगाने लगे। सूचना पर फर्रुखाबाद कोतवाली का फोर्स बुला लिया गया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर आधा घंटे बाद जाम खुलवा दिया।
इसके बाद अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला हूसा निवासी नूतन के पिता ने बेटी के पति प्रदीप, सास, ताऊ ससुर विजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। शव का देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका। नूतन की शादी वर्ष 2007 में हुई थी। कोतवाल अजय नारायण सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला हूसा निवासी रिटायर्ड एडीओ पंचायत शिवराज सिंह ने फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने बेटी नूतन की शादी सैनिक कालोनी निवासी प्रदीप उर्फ कमल के साथ जनवरी 2007 में की थी। शादी के बाद से ही प्रदीप बेटी को प्रताड़ित करने लगा। इससे नूतन उनके शमसाबाद स्थित सरकारी आवास में आकर रहने लगी। 23 जनवरी 2016 को प्रदीप रिवाल्वर लेकर वहां पहुंचा और उन्हें, बेटी नूतन व सफाई कर्मी नवनीत को गोली मार दी थी।