लाल दरवाजे के पास नाली से पटिया हटाते दुकानदार। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। लाल सराय में दुकानों के आगे जलभराव और कीचड़ व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गया है। पालिका ने रविवार को जेसीबी लगाकर दुकानों के बाहर नाले की तलीझाड़ सफाई कराई। इससे जलभराव से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।
लाल सराय और बूरा वाली गली के बीच में मुख्यमार्ग के उत्तरी फुटपाथ पर पानी और कीचड़ का भराव दुकानदारों के लिए मुसीबत बना है। यह समस्या कई महीने से चली आ रही है।
लोगों के विरोध के बाद 15 दिन पहले लाल सराय टंकी के सामने नाला सफाई की औपचारिकता निभाई गई। इससे भी जलभराव से निजात नहीं मिली। शनिवार रात भी फुटपाथ पर कीचड़ लबालब भरा रहा।
परेशान लोगों ने नगर पालिका में शिकायत की। रविवार सुबह दो जेसीबी और पालिका की टीम ने पहुंचकर दुकानों के बाहर नाले पर रखी सभी पटियां हटा दीं।
इसके बाद दूसरी जेसीबी ने नाले को तलीझाड़ साफ किया। दोपहर दो बजे तक नाला सफाई चलती रही। नाला साफ होने के बाद दुकानों के सामने भरे कीचड़ से मुक्ति मिलने की उम्मीद बंधी है।