फर्रुखाबाद। हाईवे किनारे केबल डालने के लिए चलाई जा रही ड्रिल मशीन से शनिवार शाम नगर पालिका की पानी की पाइपलाइन फट गई। इससे लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया। छह मोहल्लों में 8000 की आबादी की पानी आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे लोगों को दिक्कतें होने लगीं।
हाईवे के किनारे कार्यदायी संस्था भूमिगत केबल डाल रही है। शनिवार शाम मसेनी चौराहे के पास ड्रिल मशीन चलाई जा रही थी। पांच बजे के करीब लकूला जोन की पानी की टंकी से सप्लाई खोली गई, तो मोटी धार से पानी निकलने लगा। पास में ही लगी सब्जी की दुकान के आसपास जलभराव हो गया। कुछ ही देर में लाखों लीटर पानी बह गया। इसकी सूचना उपजोन प्रभारी नीरज वर्मा को मिली। उन्होंने पानी की आपूर्ति बंद करवाकर मौका मुआयना किया।
पाइपलाइन फटने से लकूला, नेकपुर कला, बंधौआ कांशीराम कालोनी, प्रीतम नगला, राजा नगला, प्रीतम नगला और भोलेपुर आंशिक की करीब 8000 की आबादी पानी बंद होने से प्रभावित हो गई। जोन प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचना देकर कार्यदायी संस्था को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।