पांचाल घाट स्थित बंधा के पास बने ग्राम पंचायत सचिवालय में भरा पानी।
- फोटो : FARRUKHABAD
गंगा-रामगंगा का जलस्तर घटा, दिक्कतें बरकरार
अमृतपुर। गंगा और रामगंगा के जलस्तर में कमी होने के बाद भी ग्रामीणों की दिक्कतें बरकरार हैं। गंगा का दस और रामगंगा का जलस्तर पांच सेंटीमीटर कम हुआ है। गांवों तक भरा पानी कम होने से वहां कीचड़ हो गया है। इससे गांव के लोगों को निकलने में दिक्कत उठानी पड़ रही है।
शनिवार को गंगा का जलस्तर दस सेंटीमीटर कम होने से 136.55 से घटकर 136.45 मीटर पर आ गया है। नरौरा बांध से 41374 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। रामगंगा का जलस्तर पांच सेंटीमीटर कम होने से 134.60 से 134.55 मीटर पर पहुंच गया है। गांव हरसिंहपुर कायस्थ के रास्ते में भरा पानी कम तो हुआ है, लेकिन गांव के लोगों को अभी भी नाव से आवागमन करना पड़ रहा है। गांव जोगराजपुर, कुड़री सारंगपुर, करनपुर घाट के रास्तों पर भरा हल्का पानी अब हट गया है।
पानी घटने से इन गांवों के रास्तों में कीचड़ हो गया है। इससे गांव के लोगों की समस्याएं जस की तस हैं। उनको निकलने में दिक्कत उठानी पड़ रही है। रामगंगा का जलस्तर घटने के बाद भी अलादपुर भटौली व कोलासोता में कटान कम नहीं हुआ है। दोनों गांव में ग्रामीणों के खेत रामगंगा की तेज धार से कट कर गंगा में समा रहे हैं।
स्कूल, शौचालय और सचिवालय में भरा पानी
फर्रुखाबाद। गंगा स्नान को पांचाल घाट आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बंधा पर सुलभ शौचालय बनवाया गया था। गंगा का जलस्तर बढ़ने से इस शौचालय में पानी भर गया है। यहीं कुछ दूरी पर बने ग्राम पंचायत सचिवालय और प्राथमिक विद्यालय में पानी भरा हुआ है।