नाले के पानी से होकर घर जाता युवक।
फर्रुखाबाद। नगर पालिका क्षेत्र के गंगानगर नाला, तलैया फजल इमाम और कछियाना नाला चोक होने से शनिवार सुबह गंगानगर नाला किनारे बने घरों में गंदा पानी घुस गया है। मोहल्लेवासी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। हालांकि नगर पालिका प्रशासन कछियाना मोहल्ला में नाला गैंग और जेसीबी लेकर नाला खुलवाने में लगी है। देर शाम तक नाला खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तलैया फजल इमाम मोहल्ला से होकर गंगानगर कालोनी से कछियाना मोहल्ला तक मुख्य नाला गया है। गंगानगर कालोनी नाला किनारे लगभग एक सैकड़ा से ज्यादा आवास बने हैं, जिनमें लगभग सात-आठ सौ की आबादी है। शनिवार सुबह कछियाना नाला चोक होने से गंगानगर और तलैया फजल इमाम के नाले भी चोक हो गए। इसके चलते गंगानगर नाला किनारे रहने वाले लोगों के घरों में नाले का पानी घुस गया। नाला किनारे लगे हैंडपंप भी गंदे पानी में डूब गए।
पानी भरा होने से नाला किनारे रहने वाले अधिकतर लोगों के बच्चे स्कूल नहीं जा सके। घरों में पानी भरा होने से तखत और ऊपरी मंजिल पर बने कमरों में जाकर भोजन आदि बनाया। वहीं तलैया फजल इमाम मोहल्ला में गमा देवी मंदिर आदि गलियों में भी जलभराव हो गया।
नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक केपी सिंह जेसीबी व नाला गैंग के साथ कछियाना मोहल्ला स्थित नाले की सफाई करवाने में लगे थे। उन्होंने बताया कि नाला के ऊपर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिस वजह से नाला सफाई करने में दिक्कत आ रही है। चोक नाला खुलवा रहे हैं। कब तक खुलेगा। यह नहीं बता सकते।