फोटो-8 हथवाया गांव में जलभराव से टापू बना डेयरी का भवन। स्रोत: पाठक
कंपिल। कायमगंज ब्लाक की ग्राम पंचायत पुरौरी के मजरा हथवाया में जल निकासी की व्यवस्था बदहाल है। पांच दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के बाद से गांव में कई जगह जलभराव है। नाला न होने से गांव का पूरा पानी चित्रा दूध डेयरी के अंदर चारों तरफ भर गया है।
डेयरी संचालक जुगेंद्र सिंह पाल और राजू पाल ने बताया कि गांव के मुख्य बड़े नाले लंबे समय से बंद हैं। बारिश के बाद नालों से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। डेयरी परिसर में पानी भरा होने से दूध का काम करने में भारी दिक्कत है। बताया कि गांव के जल निकास मार्ग में हरकरनपुर के पास भी नाला बंद पड़ा है। अगर नाले की सफाई कराकर उसे खोल दिया जाए, तो जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। समस्या के समाधान के लिए उपजिलाधिकारी कायमगंज को प्रार्थना पत्र दिया है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र नाला खुलवाकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।