कायमगंज (फर्रुखाबाद)। व्यापार मंडल कंछल गुट की बैठक में व्यापारी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि जीएसटी अधिकारियों ने किसी आढ़ती की तंबाकू गोदाम पर छापा मारकर रजिस्ट्रेशन किया तो उसका व्यापार मंडल विरोध करेगा। कैंप लगाकर रजिस्ट्रेशन करने में व्यापारी नेता जीएसटी अधिकारियों का सहयोग करेंगे।
मंडी समिति में व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के प्रतिष्ठान पर एक बैठक हुई। इसमें व्यापारी नेताओं ने कहा कि जीएसटी में रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के लिए टारगेट दिया गया है। इसलिए जीएसटी के अधिकारी तंबाकू व्यापारियों पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिये जोर दे रहे हैं। ऐसे में वह गोदामों पर छापे मारकर भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
यदि ऐसा हुआ तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी इसका विरोध करेंगे। मांग है कि जीएसटी अधिकारी कहीं भी कैंप लगाकर बैठें, उसमें व्यापार मंडल सहयोग करेगा और व्यापारी भी स्वेच्छा से रजिस्ट्रेशन करा लेंगे। साथ ही कहा गया कि कायमगंज स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव को स्टेशन पर आ रहे रेल महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय नेता पवन गुप्ता ने की। मनोज कौशल, अभिषेक अग्रवाल, अमित सेठ, बुलाकी वर्मा, अजय अग्रवाल, कमलेश भारद्वाज, जितेंद्र रस्तोगी, संजीव अग्रवाल, रसिक अग्रवाल, राधे अग्रवाल, विकास अग्रवाल आदि मौजूद रहे।