मृतक विश्वप्रताप की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
थाना कंपिल के गांव हकीकतपुर में हुई होमगार्ड के पुत्र विश्वप्रताप की हत्या की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उलझ गई है। पोस्टमार्टम में युवक की मौत का कारण फांसी से दम घुटना बताया है।
कायमगंज में तैनात होमगार्ड चंद्रप्रकाश के पुत्र विश्वप्रताप उर्फ वीपी की हत्या गुरुवार रात कर दी गई थी। हत्यारों ने अपराध को छिपाने के लिए उसके शव को एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका दिया था। होमगार्ड ने अपने पुत्र की हत्या में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इधर, विश्वप्रताप के शव का पोस्टमार्टम डॉ. कैलाश और डॉ. अनुज तिवारी के पैनल से कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। गले के पास और ठोड़ी की दायीं तरफ चोट के निशान बताए गए हैं। कंपिल थानाध्यक्ष सुशील कुमार का कहना है कि विश्वप्रताप ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
यदि वह अपने आप खुदकुशी करता तो जिस हालात में उसे फांसी के फंदे से उतारा गया तो यह हालात नहीं होते। उसके पूरे शरीर में मिट्टी लगी थी और कई जाहिरा चोटों के निशान पाए गए थे। यदि उसने आत्महत्या की होती तो उसके शरीर पर चोटों के निशान कहां से आए हैं।
जिस तरह से उसके शरीर में मिट्टी लगी पाई गई। उससे जाहिर है कि उसे पहले पटक-पटक कर मारा गया और इसके बाद उसकी हत्या करके शव को पेड़ पर लटका दिया गया। एसओ का कहना है कि हत्यारों ने वीपी के मोबाइल को इसलिए गायब कर दिया कि उनकी कॉल डिटेल पुलिस के हाथ न लग सके।
पुलिस ने वीपी के सिम से कॉल डिटेल निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं भले ही थानाध्यक्ष इस मामले में हत्या का आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर दें लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की गुत्थी पूरी तरह से उलझ गई है।