स्विच रूम में कटने के बाद जोड़ी गईं केबिलें।
- फोटो : अमर उजाला
बीएसएनएल एक्सचेंज की पावर केबिलें कटने से दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई। काफी खोजबीन के बाद एक्सचेंज पावर प्लांट में केबिलें कटी मिलीं। इनको जुड़वाने के बाद दूरसंचार सेवाएं बहाल हुईं। इसके चलते बैंक, डाकघरों और सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ।
क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे अचानक कायमगंज तहसील क्षेत्र के बीएसएनएल सेवाएं ध्वस्त हो गईं। इससे मोबाइल, लैंडलाइन व ब्राडबैंड के सिग्नल गायब हो गए। इस कारण से कोतवाली, थाने, तहसील, खंड विकास कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों व बैकों तथा डाकघरों में भी कार्य ठप्प हो गया।
इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी होने पर कर्मचारी फाल्ट ढूंढने में लग गए। घंटों बाद भी फाल्ट न मिलने पर कर्मचारियों ने इसकी जानकारी एसडीओ आलोक कुमार द्विवेदी को दी। एसडीओ ने एक्सचेंज का बारीकी से निरीक्षण किया तो पता चला कि पावर प्लांट से स्विच रूम जाने वाली पावर केबिल कटी हुई है।
इसके बाद केबिल को जुड़वाया गया। दोपहर करीब 1:30 बजे क्षेत्र में बीएसएनएल सेवा शुरू हो सकी। एक्सचेंज के ठप होने की सूचना पर एजीएम डीएस कुशवाह भी मौके पर पहुंच गए और जानकारी प्राप्त की।