फोटो-33 पुल गालिब तिराहे पर जाम लगाए ग्रामीणों को समझाती पुलिस। संवाद
कायमगंज। ममापुर गांव में बृहस्पतिवार को बच्चों के मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों ने शनिवार देर शाम पुल गालिब तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम करीब 40 मिनट तक लगा रहा।
इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पाकर कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह और उनकी टीम मौके पर पहुंची लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की, लेकिन जब वे नहीं माने तो कड़ा रुख अपनाकर कई लोगों को हिरासत में लिया और जाम खुलवाया। जाम खुलवाने के दौरान दूसरे पक्ष के गांव चिलसरी निवासी ट्रैक्टर चालक राजू जो कोल्ड स्टोरेज से आलू ले जा रहा था, प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने उसे बचाया। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जाम लगाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।